श्रावस्ती। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। वहीं, कुछ स्थानों पर त्वचा रोगी भी काफी संख्या में पहुंचे। आरोग्य मेले में मरीजों को उपचार के साथ ही बीमारियों से बचाव के तरीके भी बताए गए।
बुखार के 17 मरीजों का हुआ इलाज
गिरंट बाजार प्रतिनिधि के अनुसार पीएचसी हरदत्त नगर गिरंट में डॉ. सालिम मसूद के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 55 मरीज पहुंचे, जिनमें बुखार के 18 मरीज शामिल रहे। इसी तरह से त्वचा रोग 12, मधुमेह के पांच, पेट संबंधी बीमारी के 10 व उच्च रक्तचाप के पांच सहित अन्य बीमारियों के मरीज शामिल रहे। इस दौरान चिकित्सक ने बताया कि बुखार की समस्या से बचने के लिए खुले आसमान के नीचे न सोएं, मच्छरदानी का प्रयोग अवश्य करें, रात के समय ठंडे खाद्य पदार्थों का सेवन कतई न करें। इस मौके पर फार्मासिस्ट राजू खान, एलटी अरुण कुमार, सरिता शर्मा, अल्पना आदि मौजूद रहीं।
बुखार व त्वचा रोगी रहे अधिक
वीरपुर प्रतिनिधि के अनुसार पीएचसी तिलकपुर में डॉ. इंद्रपाल के नेतृत्व में जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। आरोग्य मेले में कुल 21 आए, जिनमें वायरल बुखार के 12, त्वचा रोग के सात, पेट दर्द के दो मरीज शमिल रहे। चिकित्सक ने बताया कि वायरल बुखार से बचने के लिए धूप से बचना चाहिए, तेज बुखार आने पर पानी से शरीर को पोंछते रहें और तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। खुद से दवा लेकर खाना हानिकारक हो सकता है। इसी तरह से पीएचसी सेमरी तरहर में डॉ. शकील के नेतृत्व में आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान कुल 62 मरीजों का इलाज हुआ। इसमें बुखार के 14, त्वचा रोग के 26, खांसी के चार तथा 11 अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीज शामिल रहे।
इलाज करते चिकित्सक।