श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट परिसर से बुधवार को डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने सुपोषित भारत कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय पोषण माह की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि अभियान नौ सितंबर से आठ अक्तूबर तक चलेगा। डीएम ने कहा कि बच्चों, किशोरियों और महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार तथा जनसहभागिता बढ़ाने के लिए हर वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जाता है। इस वर्ष इसकी अवधारणा ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ निर्धारित की गई है। अभियान में छह वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं तथा किशोरियों को केंद्रित कर पोषण स्तर सुधारने के प्रयास होंगे। पोषण संबंधी प्रचार-प्रसार सामग्री और अनुपूरक पुष्टाहार वितरित किए जाएंगे। साथ ही सैम/मैम बच्चों के चिह्नांकन का अभियान चलेगा। डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं। इस मौके पर सीडीओ शाहिद अहमद, एसडीएम प्रवीण यादव, डीपीओ अरविंद रस्तोगी और यूनिसेफ प्रतिनिधि अनुराग सिंह मौजूद रहे।