श्रावस्ती। सावन के अंतिम सोमवार को श्रावण पूर्णिमा व रक्षाबंधन होने के कारण शिवालयों में शिवभक्तों का हुजूम उमड़ा। सबसे ज्यादा भीड़ सिरसिया के विभूतिनाथ स्थित गुप्त काशी में देखी गई। जहां सुबह चार बजे से ही भक्तों की टोली देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक करने के लिए अपने बारी का इंतजार करती दिखी। इस दौरान हुई बूंदाबांदी के कारण मौसम सुहाना बना रहा।
श्रावण मास के अंतिम सोमवार को जिले के प्रमुख विभूतिनाथ, सदाशिव महादेव, बेचूबाबा व जगपतिनाथ तथा झारखंडी महादेव मंदिर में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ा। सिरसिया स्थित विभूतिनाथ मंदिर में शिवभक्तों ने सूर्योदय से पूर्व ही गुप्त गंगा से जल लाकर भगवान महादेव का जलाभिषेक किया। इस दौरान भक्तों ने जल, अक्षत, दूब, बेल पत्र, चंदन, रोली, घृत, मदार, धतूर, भांग, गांजा, शहद, दही, गौ दूध, ऋतु फल व मिष्ठान चढ़ाकर भोलेनाथ की कृपा प्राप्त किया।
सूर्योदय के साथ शुरू हुआ आराधना का क्रम देर शाम तक जारी रहा। इसके साथ ही स्वर्ण प्रस्तरी आश्रम स्थित शिव मंदिर, गिलौला के सदाशिव मंदिर, झारखंडी महादेव, इकौना के बेचूबाबा, जमुनहा क्षेत्र के जंगलीनाथ महादेव व कलेक्ट्रेट स्थित शिवाला शिवजी महाराज सहित अन्य शिवालयों पर भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। इस दौरान सुबह आसमान पर बादल छाए रहे।