धरना स्थल पर मौजूद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व अन्य।
- फोटो : धरना स्थल पर मौजूद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व अन्य।
इकौना। इकौना के संजय पार्क में कंजड़वा निवासी मृतक आकाश के परिजन सीएचसी अधीक्षक पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। धरने के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी धरना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
इकौना सीएचसी में 17 अक्तूबर को बौद्ध परिपथ पर हुए हादसे में अपने ननिहाल आए बहराइच के बुढ़नी भलुहिया निवासी किशोर आकाश की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया था, जहां पर टांका लगाने के लिए धागा प्राइवेट मेडिकल स्टोर से लाने के लिए घायलों के परिजनों से कहा गया था। इस बात से नाराज परिजनों ने जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।
मामले में नाम मात्र की हुई कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन बुधवार से इकौना के संजय पार्क में धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही से बच्चे की मौत हुई। उन्होंने कहा कि सीएचसी अधीक्षक डिप्टी सीएम के रिश्तेदार हैं, इसलिए उन पर कार्रवाई नहीं हो रही है। सरकार तत्काल सीएचसी अधीक्षक पर कार्रवाई करे। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विद्यामणि त्रिपाठी सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।