गिरंट बाजार (श्रावस्ती)। हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र की ग्राम पंचायत उरलेहवा निवासी उदयराज (50) का शव बृहस्पतिवार सुबह लालपुरवा पेट्रोल पंप के पास तालाब में उतराता मिला। शव मिलने से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
परिजनों ने बताया कि उदयराज बुधवार शाम मवेशी नहलाने के लिए लालपुरवा पेट्रोल टंकी के पास स्थित तालाब गए थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। इस दौरान मवेशी रानीसीर गांव के पास टहलते मिले, लेकिन उदयराज का पता नहीं चला। बृहस्पतिवार सुबह उदयराज का शव तालाब में उतराता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी महिमानाथ उपाध्याय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तालाब में डूबने से मौत का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।