कड़ी धूप से बचने के लिए चेहरे को गमछे से चेहरे को ढंककर जाते बाइक सवार
श्रावस्ती। तराई जेठ की दुपहरी नौतपा से भी ज्यादा तप रही है। मंगलवार सुबह से निकली तेज धूप के चलते 10 बजते-बजते अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार कर गया और दोपहर में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे लोग गर्मी से बेहाल हो उठे। आलम ये रहा कि लोगों को घर के अंदर भी सुकून नहीं मिला। दोपहर के समय आठ से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवा ने मुश्किलें बढ़ा दीं। तपिश का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी देखने को मिला। मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजाें की भारी भीड़ रही। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एनएन पांडेय ने बताया कि ओपीडी में उल्टी, दस्त के मरीजों की संख्या अधिक रही। मरीजों को ज्यादा पानी पीने, दोपहर में घर में रहने, ताजा व सुपाच्य खाना खाने की सलाह दी जा रही है।