गिरंट बाजार/ जमुनहा/गिलौला (श्रावस्ती)। जिले के थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आए 23 में से महज पांच मामलों का ही निस्तारण हो पाया।
भिनगा में आयोजित जिला स्तरीय समाधान दिवस में एसपी घनश्याम चौरसिया ने पांच में से चार मामलों का निस्तारण मौके पर किया। एसपी ने एक मामले के निस्तारण के लिए पुलिस व राजस्व टीमों को मौका-मुआयना करने का निर्देश दिया। वहीं गिलौला थाने में दो, इकौना में एक, सिरसिया में चार, सोनवा में दो, नवीन मॉडर्न कटरा में तीन मामले आए। जबकि मल्हीपुर में आए छह में से एक मामले का निस्तारण मौके पर किया गया।
चकमार्ग की मांग
हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ बरांव निवासी छोटेलाल ने समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर चकमार्ग की पैमाइश कराने की मांग की। पीड़ित ने कहा कि उसका भाईयों के साथ बंटवारा हो चुका है। ऐसे में उसे अपने खेत तक जाने के लिए दूसरे के खेत से होकर जाना पड़ता है। ऐसे में अक्सर विवाद की स्थिति आ जाती है।
दबंगों पर कार्रवाई की मांग
मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम लालबोझा भवनियापुर निवासी मीरा पाल ने समाधान दिवस में शिकायत कर गांव के कुछ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। महिला ने शिकायती पत्र में कहा कि शुक्रवार को वह अपनी भैंस बांधने गई थी। तभी दबंगों ने उसकी पिटाई कर दी। महिला ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व ससुरालीजनों पर लगाया आरोप
गिलौला क्षेत्र के ग्राम खड़ैला निवासी फूलकोरा ने शिकायती पत्र देकर अपने पूर्व पति व अन्य लोगों पर अभद्रता का आरोप लगाया है। महिला ने शिकायती पत्र में कहा है कि उसने अप्रैल में ही राकेश से विवाह कर लिया है। ऐसे में पूर्व पति व उनके परिजन अक्सर उससे अभद्रता करते हैं। महिला ने कार्रवाई की मांग की है।
अवैध निर्माण रुकवाने की मांग
गिलौला क्षेत्र के ग्राम तिलकपुर निवासी लालमनि ने अवैध निर्माण रुकवाने की मांग की है। पीड़ित ने शिकायती पत्र में कहा है कि उसकी पुश्तैनी भूमि पर दबंग कब्जा कर रहे है। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है पर दबंग भूमि पर निर्माण करा रहे हैं। उसने निर्माण रुकवाने की मांग की है।