श्रावस्ती। जिले में तमाम प्रतिबंध के बावजूद कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। जिले में मंगलवार को आई रिपोर्ट में एक पुलिस कर्मी सहित दस लोग कोरोना संक्रमित मिले जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं संक्रमितों के आसपास के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां लोगों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। इसके साथ ही 30 लोग स्वस्थ हुए।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रशासन की तमाम सख्ती के बावजूद लोग अब भी इसके प्रति गंभीर नहीं दिख रहे हैं। मंगलवार आई रिपोर्ट में रिजर्व पुलिस लाइन भिनगा में एक पुलिस कर्मी कोरोना पॉजिटिव मिला। इसके साथ ही गिलौला के हरिहरपुर में एक, इकौना के बेचूबाबा में एक, चौबेजोत में दो व जमुनहा के इटहिया में दो, सिरसिया बाजार में एक, सिरसिया के कोयलहवा में एक व भिनगा नगर के मोहल्ला टंड़वा में एक युवक कोरोना संक्रमित मिला।
इन सभी कोरोना संक्रमितों को होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं संक्रमित क्षेत्र के 200 मीटर परिधि में आने वाले क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। जहां लोगों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। इसके साथ ही मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस व राजस्व विभाग की टीम द्वारा लोगों से अनावश्यक घर से बाहर न निकलने, मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करने तथा सामाजिक दूरी बना रखने की अपील किया है। इसके साथ ही 30 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। इनमें इकौना बाजार के सात, हरिहरपुररानी के छह, जमुनहा बाजार के छह व भिनगा बाजार के 11 लोग शामिल हैं।
651 हुई संक्रमितों की संख्या, कंटेनमेंट जोन 165
श्रावस्ती। जिले में अब तक 22969 लोगों का कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी है। इनमें से 22336 लोगों की जांच रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है जिनमें 651 लोग कोरोना संक्रमित मिले। जबकि 11 लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत भी हुई है। जिन स्थानों पर कोरोना संक्रमित मिले। जिले में कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या अब तक 165 पहुंच चुकी है। इनमें से 84 कंटेनमेंट जोन अब भी सक्रिय हैं। जिनमें इकौना में 17, गिलौला में 15, भंगहा में 14, जमुनहा में 7, सिरसिया में 13 व भिनगा में 18 कंटेनमेंट जोन सक्रिय हैं।
कंटेनमेंट जोन में टूट रहा कोविड प्रोटोकाल
भिनगा नगर का मोहल्ला हनुमानगढ़ी कंटेनमेंट जोन घोषित है। जहां कोरोना के संक्रमित होम क्वारंटीन है। इसके बावजूद यहां मुख्य मार्ग सहित गलियों में बैरीगेडिंग नहीं कराया गया है। स्थानीय निवासियों सहित प्रशासन कोरोना के प्रति कितना गंभीर है। इसकी हकीकत मंगलवार को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत हो रहे खाद्यान्न वितरण के दौरान देखने को मिला। जब बच्चे ही नहीं 70 वर्षीय वृद्ध भी बगैर मास्क खाद्यान्न लेता दिखा। यहां सामाजिक दूरी का अनुपालन भी होता नहीं दिखा। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। यह नजारा जिले में कभी भी देखा जा सकता है।
कोरोना का कोई स्थाई इलाज नहीं है। ऐहतियात बरत कर ही इसके संक्रमण से बचा जा सकता है। ऐसे में जिलेवासियों से अपील है कि वह कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से अनुपालन करें ताकि कोरोना की चेन को तोड़ा जा सके।
डा. एपी भार्गव, सीएमओ