श्रावस्ती। भिनगा बहराइच फोरलेन स्थित भंगहा मोड़ के निकट देर रात अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीतापुर जिले के मुंशीगंज निवासी अनुराग तिवारी (40) लक्ष्मी सीमेंट कंपनी में बहराइच श्रावस्ती के तकनीकी इंजीनियर थे। वे मोटरसाइकिल से भिनगा कोतवाली क्षेत्र के सेमरी चौराहा आए थे। जहां से देर रात वे बहराइच लौट रहे थे। जैसे ही भिनगा कोतवाली क्षेत्र के भंगहा मोड़ पहुंचे तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया। सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिवारीजनों को सौंप दिया।
शाॅर्ट सर्किट से लगी आग, चार बीघा फसल जली
जमुनहा (श्रावस्ती)। जमुनहा तहसील के ग्राम कानी बोझी के मजरा प्रतापपुर निवासी मालिक व जाहरुद्दीन के गेहूं के खेत में शुक्रवार को शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते आग काफी फैल चुकी थी। उसकी चपेट में आने से दोनों के चार बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू किया। अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।