सिरसिया ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद शिक्षक।
श्रावस्ती। सिरसिया ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अखिलेश कुमार की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीईओ ने शिक्षकों को नवाचारी बनने व विद्यार्थियों को नवाचार के प्रति प्रेरित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन, छात्र नामांकन, नियमित उपस्थिति, मानव संपदा, आधार सीडिंग, डीबीटी, मध्याह्न भोजन और जल संरक्षण सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही विद्यालयवार कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
बीईओ ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया कि बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाने के लिए नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को अपनाएं। इसके अलावा विद्यालयों में अनुशासन, स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में ब्लॉक गुणवत्ता समन्वयक कपिल सागर सहित राहुल गुप्ता, अनिल कुमार, सुनील श्रीवास्तव और कर्मवीर राणा मौजूद रहे।