श्रावस्ती। जमुनहा के राजकीय हाईस्कूल रानीसीर का गुरुवार को डीएम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय बंद मिला। इस पर उन्होंने अध्यापक को निलंबित करने का निर्देश दिया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर में पोषाहार मिलने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सीडीपीओ के भी नहीं मिलने पर वेतन रोकने का निर्देश दिया।
डीएम ओपी आर्य ने गुरुवार को जमुनहा के कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय रानीसीर का औचक निरीक्षण किया। पंजीकृत 58 के सापेक्ष 26 बच्चे ही विद्यालय में उपस्थित मिले। बच्चों की उपस्थित कम होने का कारण शिक्षक नहीं बता सके। वहीं बच्चे यूनीफार्म में भी नहीं मिले।
छात्र गणित के प्रश्न का जवाब नहीं दे सके। यहां मध्याह्न भोजन में मेन्यू के विपरीत सब्जी चावल बना था। इस पर शिक्षकों को फटकार लगाई। विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में 75 के सापेक्ष 15 बच्चों को ही पोषाहार वितरित किया गया था।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता से गर्भवती व बच्चों को दिये जाने वाले पोषाहार का ब्योरा तलब किया। इस पर उसने बताया कि वितरण पंजिका घर में है। इस पर डीएम ने सीडीओ के आशुलिपिक एसपी सिंह को भेजकर पंजिका मंगवाई। इस दौरान घर में 22 बोरी पोषाहार डंप मिला।
आशुलिपिक की सूचना पर डीएम ने नायब तहसीलदार जानकी प्रसाद शुक्ला को इस वित्तीय वर्ष में पोषाहार कितना आया और कितना वितरण किया गया, इसकी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। पास में ही संचालित राजकीय हाईस्कूल दोपहर 12:25 बजे बंद मिला। इस पर शिक्षक साकिर अली से जवाब तलब करने के साथ ही उसे निलंबित करने का निर्देश डीआईओएस को दिया।
इसके बाद शिकारी चौड़ा में संचालित सीडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। जहां सीडीपीओ महेंद्र कुमार नदारद मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए उनका वेतन रोकने का निर्देश सीडीओ को दिया।
निरीक्षण में मुख्य सेविका जैबुन्निशा, इंदिरा कुमारी, अकबरी बेगम, आशा देवी, मुन्नी देवी, किशवर फातिमा कार्यालय में मौजूद मिली। डीएम ने मुख्य सेविकाओं के क्षेत्र में न जाने पर नाराजगी जताई। साथ ही मुख्य सेविकाओं से स्पष्टीकरण तलब कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश डीपीओ को दिया।
उधर, जमुनहा पहुंचे डीएम व सीडीओ ने हरदत्तनगर गिरंट में निर्माणाधीन राजकीय पॉलिटेक्निक के मुख्य भवन व छात्रावास का भी निरीक्षण किया। जहां उन्हें कमरों में फर्श के साथ अन्य कार्य अधूरे मिले। कई स्थानों पर छत की सरिया भी दिख रही थी। विम भी टेढ़ा मिला।
कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के परियोजना प्रबंधक केपी श्रीवास्तव भी नदारद मिले। इस पर वहां मौजूद क्षेत्रीय अभियंता को तीन दिन में पूरा ब्योरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद डीएम ने हरदत्तनगर गिरंट में निर्माणाधीन राजकीय महाविद्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां निर्माण कार्य धीमा मिला। इसका निर्माण उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद की ओर से कराया जा रहा है। जो ढाई साल से निर्माणाधीन है। इस पर भी नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था के अभियंता से रिपोर्ट तलब की है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अवनीश राय मौजूद रहे।