श्रावस्ती। संयुक्त जिला चिकित्सालय की ओपीडी में मंगलवार को मरीजों की भीड़ रही। सबसे ज्यादा मरीज संदिग्ध बुखार के थे। वहीं, पैथालॉजी के बाहर भी जांच करवाने व रिपोर्ट लेने वालों की भीड़ रही। बुखार पीड़ित मरीज प्लेटलेट्स घटने से डेंगू की आशंका से परेशान रहे।
मौसम परिवर्तन के साथ ही मौसम जनित बीमारियां भी पांव पसारने लगी हैं। जगह-जगह जलभराव व गंदगी से मच्छरों की संख्या बढ़ गई है। मंगलवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय में 510 मरीज इलाज कराने पहुंचे। इनमें बुखार पीड़ितों की संख्या अधिक रही। जिसमें से ज्यादातर मरीज घटी प्लेटलेट्स और संदिग्ध बुखार को लेकर आशंकित रहे।
चिकित्सकों ने लक्षण के आधार पर नौ मरीजों का डेंगू परीक्षण कराया, हालांकि कोई भी डेंगू संक्रमित नहीं मिला। इसी तरह से टाइफाइड व मलेरिया के लक्षण मिलने पर 83 मरीजों का परीक्षण कराया गया। चिकित्सक डॉ. श्याम मिश्रा ने बताया कि बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। हालांकि अभी तक डेंगू का कोई मरीज नहीं मिला है। टाइफाइड व मलेरिया के कुछ मरीज हैं। उन्हें उपचार के बाद सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।