श्रावस्ती। जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शिक्षक पात्रता परीक्षा कराई जाएगी। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए डीएम की ओर से सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को तैनात किया गया है। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में 4596 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिले में बुधवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा कराई जाएगी। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी उत्तर प्रदेश प्रयागराज के निर्देश पर आयोजित यूपी टीईटी को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। इसके लिए चार परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। जहां दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा को नकल विहीन एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केन्द्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों एवं पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह दस से 12:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 02:30 बजे से शाम 05:00 बजे तक कराई जाएगी।
अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा में प्राथमिक स्तर के एक हजार परीक्षार्थी प्रथम पाली में तथा उच्च प्राथमिक स्तर के एक हजार परीक्षार्थी द्वितीय पाली में परीक्षा देंगे। वहीं जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना में प्राथमिक स्तर के 1400 परीक्षार्थी प्रथम पाली में तथा उच्च प्राथमिक स्तर के 267 परीक्षार्थी द्वितीय पाली में परीक्षा देंगे। चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज कटरा श्रावस्ती में प्राथमिक स्तर के 500 एवं जेतवन इंटर कॉलेज कटरा में प्राथमिक स्तर के 429 परीक्षार्थी एग्जाम देंगे।
सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय एवं प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जा चुकी है। परीक्षा केंद्रों पर डीएम यशु रुस्तगी, एसपी अनूप सिंह, सीडीओ अवनीश राय, एडीएम योगानंद पांडेय व एएसपी बीसी दुबे सहित संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, सीओ व थाना प्रभारी मौजूद रहेंगे।