श्रावस्ती। जिले में सक्रिय क्षय रोगी खोज अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बुधवार को जिला क्षय रोग अधिकारी ने टीबी यूनिट भंगहा की चार टीमों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पटना में कार्य कर रही टीम के सभी लोगों को कार्य में सुधार के निर्देश दिए गए। अब तक 15 हजार लोगों की जांच की गई। इसमें जहां 60 संभावित मिले वहीं दो लोगों में टीबी की पुष्टि हुई।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एमएल वर्मा ने टीबी यूनिट भंगहा की ग्राम पटना, मुजेहना, खरगौरा एवं पांडे पुरवा में कार्य कर रही टीमों के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीमों का कार्य संतोषजनक मिला। कुछ खामियां भी देखने को मिलीं। जिसमें सुधार का निर्देश दिया गया।
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि जिन्हें भी दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी या बुखार आ रहा है, उन्हें जांच के लिए प्रेरित करें। ऐसे लोगों की पहचान छिपाना समाज के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। एक मरीज एक वर्ष में 10 से 15 नए मरीज बनाता है। यदि समय से जांच में टीबी का मरीज पकड़ में आ जाता है तो उसके स्वस्थ होने की संभावना ज्यादा रहती है। साथ ही समुदाय में टीबी फैलने का खतरा भी कम रहता है।
जिला कार्यक्रम समन्वयक रवि कुमार मिश्र ने बताया कि सक्रिय क्षय रोगी खोज अभियान प्रदेश के 29 जिलों में संचालित किया जा रहा है। इस क्रम में सिरसिया की छह हजार दो सौ, भिनगा की दो हजार, भंगहा की एक हजार आठ सौ एवं मल्हीपुर की पांच हजार की आबादी का परीक्षण पहले दिन हुआ। जिसमें 60 संभावित व दो टीबी मरीज चिह्नित किये गए।