जमुनहा (श्रावस्ती)। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कथरा माफी के मजरा सलारू पुरवा में राप्ती नदी के किनारे मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक बारहसिंघा मृत मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम उसे अपने साथ वन कार्यालय ले गई। टीम ने मौत के कारणों की जांच शुरु कर दी है।
जिले में काफी समय से बरसात न होने के कारण पहाड़ी नालों सहित जंगल में बने ज्यादातर तालाब सूख चुके हैं। या फिर पानी के आसपास कीचड़ है। ऐसे में जंगली जीव प्यास बुझाने के लिए आबादी की ओर पलायन करने लगे हैं। ऐसा ही कुछ सोमवार रात को भी हुआ। जब हरदत्त नगर गिरंट के जंगल से पानी की तलाश में निकला बारहसिंघा मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कथरा माफी के मजरा सलारू पुरवा गांव के दक्षिण राप्ती नदी पर पहुंच गया। जहां गांव निवासी हंस राम यादव के खेत में मंगलवार सुबह मृत पड़ा मिला।
उसके पेट में घाव के निशान थे। नित्यक्रिया को गए ग्रामीणों ने इसकी सूचना मल्हीपुर पुलिस सहित वन विभाग को दिया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में ले लिया। जिसे अपने साथ वन कार्यालय ले गई है। वन विभाग के अधिकारी मौत का कारण कुत्तों का हमला बता रहे हैं। इस बारे में रेंजर भगवान सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी।