श्रावस्ती। स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सीनियर बालिका वर्ग के 200 मीटर दौड़ में एटीएस भयापुरवा की सुशीला ने पहला स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। जबकि टीएनवी श्रावस्ती की प्रतिभा राणा दूसरे व जनता इंटर कालेज की मंजू तीसरे स्थान पर रही। इसी तह बालक वर्ग में सर्वोदय सिरसिया के सूरज चौधरी प्रथम, अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज के गौतम राणा दूसरे व सर्वोदय के अभिषेक तीसरे स्थान पर रहे।
जूनियर बालक वर्ग 200 मीटर में जेजेआईसी के मयंक कुमार गुप्ता प्रथम, अलक्षेंद्र इंटर कालेज के मोहम्मद आलम द्वितीय व सीएसएसपी के संचित वर्मा तृतीय स्थान पर रहे। वहीं खो खो प्रतियोगिता बालिका वर्ग में चौबेपुरवा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कस्तूरबा भिनगा व स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम विजेता रही। बालक वर्ग में एटीएस सिरसिया, अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज व स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा की टीम ने जीत हासिल की।
कबड्डी के मुकाबलों में बालक वर्ग कबड्डी का पहला मैच जनता इंटर कॉलेज पटना खरगौरा व स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा की टीम के बीच हुआ। इसमें स्पोर्टस स्टेडियम की टीम विजेता रही। वहीं बालिका वर्ग में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय व राजकीय इंटर कॉलेज भिनगा की टीम के बीच हुए कबड्डी के मुकाबले में बालिका इंटर कॉलेज की टीम ने जीत हासिल की। सेमीफाइनल मुकाबला अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज व केंद्रीय विद्यालय के मध्य खेला गया। इसमें केंद्रीय विद्यालय की टीम ने बाजी मारा।
बालक वर्ग में लव विद्यापीठ व जवाहर नवोदय विद्यालय के मध्य हुई प्रतियोगिता में लव विद्यापीठ की टीम विजेता रही। बालिका वर्ग में जनता इंटर कालेज की छात्राओं को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हरिहरपुररानी की छात्राओं से शिकस्त मिली। दूसरी प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हरिहरपुररानी की छात्राओं को स्पोर्टस स्टेडियम टीम से हार का सामना करना पड़ा। । संवाद