रमवापुर चौकी में अपराध समीक्षा करते एएसपी
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जिले के थानों में दर्ज मुकदमों की विवेचना में विवेचकों की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। इसका लगातार खुलासा भी हो रहा है। इस पर विवेचकों को चेतावनी भी दी जा रही है। इसके बावजूद पुलिस अपनी कार्यशैली में बदलाव लाने को तैयार नहीं हैं। इससे नाराज एएसपी ने इकौना थाने में लंबित विवेचना के लिए विवेचकों से स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं संतोष जनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
इकौना थाना अंतर्गत रमवापुर पुलिस चौकी का सोमवार देर शाम एएसपी बीसी दुबे ने औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस चौकी में ही इकौना थाने की अपराध समीक्षा भी की। उन्हें इकौना थाने में 62 विवेचनाएं लंबित मिली। इसमें तीन विवेचकों की ओर से शिथिलता बरतने की जानकारी मिली। इस पर एएसपी ने तीनों से स्पष्टीकरण तलब किया है। संतोष जनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
एएसपी ने प्रभारी निरीक्षक इकौना मनोज पांडेय को विवेचनाओं व प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटारा करने का निर्देश दिया है। होली को देखते हुए थाना क्षेत्र में पड़ने वाले सभी होलिका दहन स्थलों व जुलूस मार्ग को चिह्नित करने तथा उसका मौका मुआयना करने को कहा। इसके बाद उन्होंने चौकी परिसर, बैरक, भोजनालय सहित अभिलेखों की जांच की। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।