बालू घोलिया का निरीक्षण करते व बच्चों से प्रश्न पूछते डीएम।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। डीएम के तमाम प्रयास के बाद भी बदहाल शिक्षा व्यवस्था पटरी पर लौटने का नाम नहीं ले रही है। एक तरफ जहां शिक्षक व शिक्षामित्र बिना अवकाश विद्यालय से नदारद मिल रहे हैं। वहीं मेन्यू के अनुसार बच्चों को एमडीएम भी नहीं परोसा जा रहा है। जिसका शनिवार को डीएम की जांच में खुलासा हुआ। नाराज डीएम ने पांच शिक्षक व दो शिक्षामित्रों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
सिरसिया क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय घोलिया बालू पुरवा का शनिवार को डीएम ओपी आर्य ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें सहायक अध्यापक प्रमोद कुमार व शिक्षामित्र माधुरी सिंह बिना अवकाश अनुपस्थित मिले। दोनों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। इस दौरान विद्यालय में 94 के सापेक्ष 58 बच्चे उपस्थित मिले।
कक्षा 05 के छात्र श्याम पट में लिखी हिन्दी वर्णमाला नहीं पढ़ सके। वहीं कक्षा 03 के बच्चे गणित के उत्तर नहीं बता सके। उच्च प्राथमिक विद्यालय घोलिया बालूपुरवा के निरीक्षण में सहायक अध्यापक राजकुमार बिना अवकाश अनुपस्थित मिले। उनसे भी स्पष्टीकरण तलब किया गया। विद्यालय में मध्याह्न भोजन चूल्हे में बना रहा था।
रसोइए ने बताया कि काफी दिनों से चूल्हे में ही खाना बनाया जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक रामरंग से स्पष्टीकरण तलब करने के साथ ही उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया। इसके बाद डीएम ने प्राथमिक विद्यालय अहलादनगर टिटिहिरिया उत्तरी क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां सहायक अध्यापक दुर्गेश सिंह बिना अवकाश अनुपस्थित मिले। उनसे भी स्पष्टीकरण तलब किया है।
प्राथमिक विद्यालय भचकाही के निरीक्षण में शिक्षामित्र सुमन चौधरी अनुपस्थित मिली। इस पर स्पष्टीकरण तलब किया गया। 11 बजे तक छात्रों की उपस्थिति न भरने व मध्याह्न भोजन न बनाये जाने पर प्रधानाध्यापक शिव रजनी से स्पष्टीकरण तलब किया है।
प्राथमिक विद्यालय परसोहना के निरीक्षण में दो शिक्षक आकस्मिक अवकाश पर मिले। यहां छात्र उपस्थित भी कम मिली। इस पर प्रधान शिक्षक को फटकार लगाते हुए बच्चों की शिक्षा में विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी भिनगा चंद्र मोहन गर्ग मौजूद रहे।