यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करते एडिशनल एसपी हरेंद्र
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश दरोगा भर्ती के लिए जिले में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर आज शनिवार और कल रविवार को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 14,400 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने शासन के आदेश के बाद निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराने की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार ने बताया कि यह परीक्षा दो दिनों तक चार पालियों में होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 3600 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 03.00 बजे से शाम 05.00 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
सभी परीक्षा केंद्र वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों से लैस किए गए हैं। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। जिले में आसपास के करीब आधा दर्जन जिलों से परीक्षार्थी पहुंचेंगे।
आधे घंटे पहले बंद हो जाएगा प्रवेश
अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड की मुद्रित प्रति, एक वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी) और हाल ही की दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होंगी। उम्मीदवारों को अपनी पाली, रिपोर्टिंग समय और परीक्षा केंद्र की पूरी जानकारी एडमिट कार्ड पर मिलेगी। जिन अभ्यर्थियों के आवेदन में आधार नंबर गलत दर्ज हो गया है, उन्हें परीक्षा शुरू होने के ढाई घंटे पहले आना होगा। हर कॉलेज में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां दरोगा पल-पल की मॉनिटरिंग करेंगे।