श्रावस्ती। बच्चों के विवाद ने बुधवार को गिलौला के दो गांवों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चलीं। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाली। मगर बाद में कुछ लोगों ने बहराइच-बलरामपुर मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसपी व सीओ के समझाने पर मामला शांत हुआ।
गिलौला के सुबिखा निवासी कृष्णकुमार व गिलौला निवासी पवन गुप्ता के बीच नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान बुधवार दोपहर कहासुनी हो गई थी। इसी के बाद शाम को कृष्णकुमार अपने गांव से कुछ लोगों के साथ पवन गुप्ता की दुकान पर पहुंचकर पूछताछ करने लगा। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट के साथ ही लाठियां चलने लगीं।
खबर पाकर गिलौला पुलिस मौके पर पहुंची मगर उपद्रवियों की संख्या अधिक देख कुछ न कर सकी। बाद में कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची तो उपद्रवी भाग गए। वहीं घटना के बाद गिलौला कस्बे के लोगों ने खुटेहना तिराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे बहराइच-बलरामपुर मार्ग दो घंटे जाम रहा। एसपी व सीओ इकौना ने लोगों को समझाकर जाम को हटवाया। सीओ इकौना तारकेश्वर पांडेय ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।