नवोदय विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान योग मुद्रा में छात्रा। -स्रोत : विद्यालय
श्रावस्ती। जवाहर नवोदय विद्यालय संभारपुरवा में रविवार से दो दिवसीय संकुल स्तरीय योग प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि से योग प्रतियोगिता की शुरुआत की।
मुख्य अतिथि ने कहा कि योग करने से आत्मबल मिलता है और शरीर स्वस्थ रहता है। योग शरीर, मन और आत्मा को एक साथ लाने का काम करता है। योग के माध्यम से शरीर, मन और मस्तिष्क को पूर्ण रूप से स्वस्थ किया जा सकता है। जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए वरदान है।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन किया। प्राचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता में श्रावस्ती सहित बहराइच, बलरामपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, रामपुर, अयोध्या सहित 12 जिलों के छात्र प्रतिभाग कर रहे हैं। विजेता छात्र सात व आठ अगस्त को जवाहर नवोदय विद्यालय जालौन में आयोजित होने वाली क्षेत्र-स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य अशोक कुमार सिंह ने की। इस दौरान उदय प्रकाश त्रिपाठी, भीमसेन यादव, शैलेंद्र सिंह, देवेंद्र प्रसाद, अजय मिश्रा, शकुंतला व राजेश यादव आदि मौजूद रहे।