श्रावस्ती। तराई में मंगलवार को तेज हवा और बादलों के कारण भीषण उमस से फाैरी राहत मिली। दिन भर तेज हवा चलती रही, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान एक डिग्री की कमी के साथ 36.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान दो डिग्री की कमी के साथ 28 डिग्री रहा। हालांकि, दोपहर में तेज धूप ने लोगों को परेशान किया और वे घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। लगातार चौथे दिन तराई में बादलों का जमावड़ा रहा। बारिश न होने से किसान चिंतित हैं। गिलौला निवासी किसान दद्दन, भुलई, छोटकऊ और नानमून ने बताया कि धान की नर्सरी तैयार है, लेकिन बारिश के अभाव में रोपाई नहीं हो पा रही है। बारिश न होने से फसल पिछड़ रही है, जिसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा।