एसएसबी मुख्यालय भिनगा में अंतरवाहिनी फुटबाल प्रतियोगिता के लिए खड़े खिलाड़ी।
श्रावस्ती। एसएसबी 62वीं वाहिनी मुख्यालय भिनगा में जारी अंतर वाहिनी फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले में एसएसबी 62वीं वाहिनी भिनगा के खिलाड़ियों ने 42वीं वाहिनी नानपारा को हराया। बेहतर प्रदर्शन करते हुए एसएसबी 62वीं वाहिनी के जवानों ने 4-2 के अंतर से जीत दर्ज की।
कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। दोनों टीमों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। कमांडेंट ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं जवानों में शारीरिक दक्षता और मानसिक दृढ़ता बढ़ाती हैं। खेल आपसी समन्वय और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम भी है। पहला मुकाबला 70वीं वाहिनी व तृतीय वाहिनी लखीमपुर खीरी के बीच खेला गया। इसमें बेहतर प्रदर्शन करते हुए 70वीं वाहिनी ने तृतीय वाहिनी को 8-3 के बड़े अंतर से पराजित किया।