श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार शाम शांति सुरक्षा समिति की बैठक हुई। जिसमें डीएम व एसपी ने मातहतों को बोर्ड परीक्षा सहित आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने, अराजक तत्वों की निगरानी कर उन पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। डीएम नेहा प्रकाश ने कहा कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं प्रारंभ होने वालीं हैं। महाशिवरात्रि व होली जैसे महत्वपूर्ण पर्व भी मनाए जाएंगे। ऐसे में सभी एसडीएम, सीओ सहित थाना व चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। थाने में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सूचीबद्ध कर उसका मौके पर जाकर निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि अमन चैन बिगाड़ने वालों की सूची एसडीएम व सीओ तैयार करें। अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए पुलिस व राजस्व टीम अपने क्षेत्रों में व्यापक निगरानी रखें।
एसपी प्राची सिंह ने सभी थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र में अपराध मुक्त वातावरण बनाने, नियमित गश्त करने, रोको-टोको अभियान चलाने, असामाजिक तत्वों व अपराधियों की निगरानी करने का निर्देश दिया। बैठक में एडीएम, सभी एसडीएम, सीओ व थाना प्रभारी व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद