एनआईसी सभागार में प्रभारी मंत्री के साथ वर्चुअल बैठक करते डीएम व अन्य अधिकारी
श्रावस्ती। राज्य मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से विकास व निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान संबंधित अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं को बताया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की स्वीकृत कार्ययोजनाओं का 31 मार्च तक जनप्रतिनिधियों से शिलान्यास कराकर कार्य प्रारंभ करा दिया जाए। जल जीवन मिशन योजना के तहत ओवरहेड टैंक का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया जाए। साथ ही पेयजल योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराई जाए।
राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि कोई भी वाद अधिक समय तक लंबित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि धनाभाव के कारण रुकी परियोजनाओं के लिए पत्राचार करें, जिससे धन का आवंटन हो सके। बैठक में डीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के सभी निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूर्ण कराया जा रहा है।
जल जीवन मिशन योजना के तहत 96 परियोजनाओं का कार्य कराया जा रहा है। अब तक जिले में एक लाख 92 हजार में से एक लाख 35 हजार किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है। एनआईसी सभाकक्ष में सीडीओ शाहिद अहमद, एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा, एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम, जिला क्रीड़ाधिकारी शिवकुमार यादव, डीपीओ मोहम्मद मुमताज आदि मौजूद रहे।