श्रावस्ती। एसएसबी 62वीं वाहिनी के सीमा चौकी ककरदरी कैंप के जवानों ने पुलिस के साथ उप निरीक्षक बिशन दत्त के नेतृत्व में शुक्रवार भारत-नेपाल सीमा स्थित सीमा स्तंभ संख्या 641/06 से 640 तक गश्त की। उप निरीक्षक ने बताया कि इस संयुक्त गश्त का मकसद सीमावर्ती क्षेत्र में रहने वालों के मन में सुरक्षा की भावना पैदा करना, सीमा स्तंभों में टूट-फूट एवं सीमा पर अतिक्रमण का पता लगाकर इसे रोकना, सीमा पर होने वाली अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण, दोनों देश के बलों में एवं स्थानीय प्रशासन के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध कायम रखना है। इस दौरान उनके साथ पुलिस व एसएसबी के जवान मौजूद रहे।
सैनिक सम्मेलन का हुआ आयोजन
श्रावस्ती। एसएसबी 62 वीं वाहिनी मुख्यालय भिनगा में शुक्रवार को सैनिक सम्मेलन आयोजित हुआ। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया गया।
सम्मेलन के दौरान कमांडेंट रविंद्र कुमार राजेश्वरी ने सीमा चौकियों से आए प्रभारियों व जवानों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने इंडो-नेपाल सीमा पर तैनात जवानों के दैनिक ड्यूटी की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। इस दौरान कमांडेंट ने बल की सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए उप निरीक्षक जापानी राम ठाकुर को पुलिस आंतरिक सुरक्षा सेवा पदक से सम्मानित किया। इस दौरान उप कमांडेंट चिकित्साधिकारी डॉ. अजीत, उप कमांडेंट सोनू कुमार, सहायक कमांडेंट केएच नवा चंद्रा, विश्व राजीव कुमार, निरीक्षक प्रदीप कुमार, मान बहादुर गुरुंग, रमेश यादव व रघुनाथ सहित काफी संख्या में जवान मौजूद रहे।