श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली का शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय, परिसर, बैरक, मेस में साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यालय के रजिस्टरों की जांच कर उनके रख रखाव व उनमें पाई गई कमियों को सुधारने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने कोतवाली परिसर में अपराध समीक्षा की। इसमें 13 विवेचकों की 82 विवेचनाएं लंबित मिलीं।
इस दौरान उपनिरीक्षक योगेश कुमार सिंह की ओर से विवेचनाओं के निस्तारण में रुचि नहीं लेने व लापरवाही बरतने के कारण उनके कार्य क्षेत्र में बदलाव कर उन्हें न्यायालय चौकी प्रभारी के पद पर स्थानांतरित कर दिया। साथ ही अन्य विवेचकों को शीघ्र साक्ष्य संकलन कर विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क पर नियुक्त महिला कर्मचारियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की बात कही। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे। संवाद