इकौना में क्रिटिकल मतदान स्थलों का निरीक्षण करती एसपी
श्रावस्ती। नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह से गंभीर है। चुनाव को देखते हुए बृहस्पतिवार शाम एसपी ने इकौना नगर के संवदेनशील मतदान स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान पैदल गश्त कर नगरवासियों को सुरक्षा का अहसास दिलाया।
एसपी प्राची सिंह ने जवानों के साथ इकौना कस्बे का भ्रमण कर संवेदनशील मतदान स्थलों व केंद्रों का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने कैंपर्स मार्टियस एकेडमी, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय बेचू बाबा चौराहा, केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय व इकौना ब्लॉक पहुंचकर वहां बनने वाले मतदेय स्थलों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद चुनाव के दौरान बनने वाले बैरियर व चेक पोस्ट को चेक कर संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। नगर वासियों से निर्भीक होकर शांतिपूर्वक निष्पक्ष मतदान करने, असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर सूचना स्थानीय पुलिस को देने की अपील की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी इकौना संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक इकौना संतोष कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी व सुरक्षा बल मौजूद रहे।