- गोरखपुर जोन ने जारी की थानों के कार्य-व्यवहार सर्वे की रेटिंग
- 11 से 17 अगस्त तक पांच बिंदुओं पर हुआ था सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। पुलिस द्वारा प्रतिमाह थानों के कार्य-व्यवहार का सर्वे होता है। एडीजीपी गोरखपुर जोन निखिल कुमार ने शुक्रवार को जिले के थानों की रेटिंग जारी की है। जिसमें सोनवा थाना जिले में सबसे अच्छे कार्य-व्यवहार वाले थानों में पहले स्थान पर है। विगत माह भी यह थाना जिले में अव्वल था।
जोन कार्यालय से जारी सूची के मुताबिक सोनवा थाना पब्लिक अप्रूवल रेटिंग 80.54 प्रतिशत पा कर पहले स्थान पर रहा। जबकि 79.98 फीसदी रेटिंग पाकर एनएमपीटी थाना दूसरे, 78.10 प्रतिशत रेटिंग पाकर गिलौला थाना तीसरे स्थान पर रहा। इसी प्रकार 76.2 प्रतिशत रेटिंग पाकर कोतवाली भिनगा चौथे, 75.41 प्रतिशत रेटिंग के साथ हरदत्त नगर गिरंट पांचवें, 74.92 प्रतिशत रेटिंग पाकर मल्हीपुर छठे, 74.32 प्रतिशत की रेटिंग पाकर थाना सिरसिया सातवें, 69.04 प्रतिशत रेटिंग पाकर थाना इकौना आठवें व 67.93 प्रतिशत रेटिंग पाकर महिला थाना नवें स्थान पर पहुंच गया। इस सर्वे में पब्लिक अप्रूवल रेटिंग के तहत आईजीआरएस के माध्यम से 292, टि्वटर पोल के माध्यम से 716 एवं डायरेक्ट पोल के माध्यम से 6645, एफआईआर व एनसीआर के माध्यम से 102, पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन के माध्यम से 421 लोगों से फीडबैक लिया गया था। एसपी प्राची सिंह ने जिन थानों की रेटिंग ठीक नहीं हैं उन्हें कार्य प्रणाली सुधारने के निर्देश दिए हैं। कहा, जनता के साथ अच्छा व्यवहार करें ताकि उनकी आपके प्रति सोच बदलें।