श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट के तथागत सभागार में नौ दिवसीय नव निर्माण के नौ वर्ष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके तीसरे दिन शुक्रवार को विभिन्न योजनाओं के 60 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र व अन्य वस्तुओं का वितरण किया गया।
डीएम अश्विनी कुमार पांडेय व एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर तीसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डीएम ने महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत पांच लाभार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
इसी तरह स्पांसरशिप योजना के आठ, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 11 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाणपत्र प्रदान किए। दो दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल व बैसाखी प्रदान की। इसके अलावा समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत तीन लाभार्थियों को डेमो चेक प्रदान किया।
अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत तीन लाभार्थियों को मोतियाबिंद के सफल ऑपरेशन का प्रमाणपत्र दिया। इसी क्रम में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 28 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाणपत्र प्रदान किए। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने लोकगीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के नौ वर्षो के कार्यकाल पर आधारित लघु फिल्म का प्रसारण भी किया गया। इस दौरान ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, पूर्ति विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, पुलिस विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने किया। इस मौके पर एसडीएम प्रवीण यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. अमरनाथ यति, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी डॉ. अजीत कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।