श्रावस्ती। इकौना के सीताद्वार व सिरसिया के विभूतिनाथ मंदिर परिसर सहित जिले के 110 प्रमुख स्थलों को सोलर स्ट्रीट लाइट से रोशन किया जाएगा। इसके लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना का सहारा लिया जाएगा। यह घोषणा सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना समिति की बैठक में डीएम ने की। इस दौरान उन्होंने मौजूद जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव व संस्तुति भी मांगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी यशु रुस्तगी ने की। इसमें उन्होंने 110 स्थलों पर सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापना को मंजूरी दी। इसके लिए जिले के ऐसे 110 स्थान चिह्नित किए गए जहां पहले प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं थी। जिलाधिकारी ने सांसद, विधायक श्रावस्ती व भिनगा की ओर से दिए गए प्रस्तावों पर अपनी संस्तुति प्रदान की।
इसके आधार पर इकौना विकास क्षेत्र के सीताद्वार मंदिर स्थल के आसपास 03, मोहनीपुर तिराहा के आसपास 10, किढ़ियौना में 09, विकास खंड गिलौला के कठौतिया में 05, सोनवा में 15, विकास खंड हरिहरपुररानी के अमवां इटवरिया में 20, विकास खंड जमुनहा के जमुनहा बाजार में 13, नासिरगंज में 11 व सिरसिया के गुलरा बाजार में 10, बाबा विभूतिनाथ मंदिर परिसर में 04 एवं गुलरा परसोहना में 10 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाऐंगी।
इन सभी लाइटों को तत्काल लगाने के लिए जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद परियोजना अधिकारी नेडा सुनील कुमार को निर्देश दिया है। बैठक में जिला विकास अधिकारी विनय कुमार, सांसद प्रतिनिधि डॉ. सुनील चौधरी सहित सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।