जिले की कई महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कें बदहाल हैं। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं और बजरियां बिखरी हैं, जिससे राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वाहनों की सेहत बिगड़ने से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों को लेकर स्थानीय लोगों व ग्रामीणों में शासन-प्रशासन को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने डीएम से खस्ताहाल सड़कों के नवनिर्माण की मांग की है।
सड़क पर पांच-छह फीट चौड़े गड्ढे
जमुनहा तहसील क्षेत्र में मल्हीपुर से बहराइच जिले के बाबागंज तक जाने वाला मार्ग महीनों से बदहाल है। इस मार्ग पर कई स्थानों पर पांच से छह फीट चौड़े जानलेवा गड्ढे बन गए हैं, जिससे बाइक व चार पहिया वाहनों की फिटनेस खराब हो रही है और राहगीर चोटिल हो रहे हैं। मल्हीपुर निवासी बृजलाल, प्रवीण व दिनेश वर्मा ने बताया कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार सड़क मरम्मत की मांग की जा चुकी है, पर सुनवाई नहीं हुई।
सड़क के नाम पर बची सिर्फ बजरियां
डामर गायब, सिर्फ बिखरी हैं बजरियां
गिरंट बाजार से दुर्गापुरवा होते हुए सांईगांव चौराहा जाने वाला मार्ग भी बदहाल है। इस पर डामर का नामोनिशान मिट चुका है और सिर्फ बजरियां बिखरी पड़ी हैं। इससे फिसलकर प्रतिदिन दर्जनों राहगीर चोटिल हो रहे हैं। दुर्गापुरवा निवासी मंटू यादव, विशंभर श्रीवास्तव और ओमकार यादव ने बताया कि इस मार्ग से हजारों ग्रामीण गुजरते हैं, इसके बावजूद जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
मिर्जापुर से नवाबगंज मार्ग पर गड्ढों की भरमार
मिर्जापुर से डांडे कुइयां होते हुए सलारपुर, मनवरिया दीवान, मनवरिया भोजा और नवाबगंज तक जाने वाले मार्ग पर हर कदम पर गड्ढे बने हैं। राहगीर विपिन वर्मा, संदीप यादव और संतोष वर्मा ने बताया कि सड़क बनवाने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
तहसील क्षेत्र की जर्जर सड़कों की जांच करवाकर संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। जल्द सड़कों का निर्माण करवाकर उन्हें सुदृढ़ करवाया जाएगा।
आरपी सिंह, एसडीएम
मार्ग
मार्ग