कटरा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं आयोजित की गई। इसके तहत रविवार को इकौना क्षेत्र के खरगौरा बस्ती स्थित स्वर्गीय श्यामता प्रसाद चौधरी महिला पीजी कॉलेज से सीताद्वार मंदिर परिसर तक साइकिल रैली निकाली गई। विधायक रामफेरन पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
करीब 10 किलोमीटर लंबी रैली में छह वर्षीय बालिका मोहलक्षीका सिंह ने हाथ में तिरंगा लेकर स्केटिंग करते हुए नेतृत्व किया। इतनी कम उम्र में पूरी दूरी तक स्केटिंग कर मोहलक्षीका ने अपने साहस, अनुशासन और खेल प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम में उनका प्रयास आकर्षण और प्रेरणा का केंद्र रहा। विधायक ने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। उनमें हर परिस्थिति का सामना करने की अपार क्षमता है। उचित मार्गदर्शन मिलने पर बेटियां खेल के क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
जिला क्रीड़ाधिकारी बृजेश कुमार सोनी ने कहा कि खेल स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी नागरिकों के निर्माण का प्रभावी माध्यम हैं। बालिकाओं की खेलों में भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देती है। इस मौके पर डॉ. श्याम नारायण वर्मा, डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह, जय हरी मिश्रा, सुरेंद्र कुमार चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।
साइकिल रैली