श्रावस्ती/तुलसीपुर। सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 51 मामले आए, जिनमें से मात्र 10 का ही मौके पर निपटारा हो सका।
जिलास्तरीय समाधान दिवस का आयोजन इकौना तहसील में किया गया। यहां डीएम अन्नपूर्णा गर्ग व एसपी राहुल भाटी ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। कुल 17 में से चार मामलों का ही मौके पर निपटारा हो सका। बाकी मामलों के निस्तारण के लिए पुलिस व राजस्व टीम को निर्देश दिए गए।
इसी तरह भिनगा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 22 शिकायतें आईं, जिनमें से चार मामलों का ही निपटारा हो सका। जमुनहा तहसील में कुल 12 शिकायतें आईं, जिनमें से मौके पर दो शिकायतों का समाधान कर दिया गया।
हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र के ग्राम गयादत्तपुरवा निवासी अंजू देवी ने शिकायती पत्र देकर पति पर घर से भगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि पति संदीप कुमार अक्सर ही उनकी पिटाई करते रहते हैं। शुक्रवार को उनको व पुत्री को घर से निकालकर ताला लगा दिया।
इस संबंध में गिरंट पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अंजू ने कार्रवाई की मांग की है।
इसी तरह ग्राम भगवानपुर भैंसाही के मजरा भैंसाही निवासी इरशाद खां ने शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव का मुख्य मार्ग जर्जर है। नाली न होने से घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर ही भरा रहता है। पीड़ित ने सड़क की मरम्मत के साथ ही नाली बनवाने की मांग की है।
ग्राम बरगदहा के मजरा डिलवा निवासी सियाराम वर्मा ने समाधान दिवस के शिकायती पत्र देकर बताया कि उन्होंने कई बार अपनी भूमि के सीमांकन के लिए मांग की, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पीड़ित ने भूमि का सीमांकन कराने की मांग की है।