श्रावस्ती। नगर व कस्बों में मुख्य मार्ग की पटरियां अतिक्रमण की चपेट में हैं। गलियां भी अछूती नहीं हैं। इस वजह से सड़कों पर जाम लगा रहता है। इसके बावजूद जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
भिनगा नगर में नई बाजार, खलवाबाजार, खैरीमोड़ दहाना मार्ग, तहसील मार्ग, मंगलभट्ठा, छावनी तिराहा व सब्जी मंडी मार्ग की पटरियों पर दुकानदार काबिज हैं। यही हाल इकौना में संजय पार्क से मुख्य बाजार, बेचूबाबा मार्ग, सब्जीमंडी, बस स्टॉप मार्ग व बाईपास जाने वाले मार्ग का भी है। इन मार्गों पर भारी व चौपहिया वाहनों के आमने-सामने आ जाने पर अक्सर जाम लग जाता है। तहसील मार्ग पर होटल व ठेले वालों और दो पहिया वाहनों के कारण आवागमन में दिक्कत होती है। तहसील तिराहे पर यूनियन बैंक के सामने खड़े होने वाले वाहनों की वजह से भी जाम लगता है।
सेमरी चौराहा, गिलौला कस्बा, सिरसिया बाजार, लक्ष्मणपुर, बेचईपुरवा, लक्ष्मननगर, बरदेहरा, बदला, वीरगंज, पटना, जमुनहा व कटरा बाजार में भी सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण के कारण जाम लगता है। कुछ माह पूर्व मुख्यमंत्री ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। इसके बाद जिले में महज औपचारिकता निभाई गई थी। छिटपुट कार्रवाई की गई। थोड़े दिन में हालात जस के तस हो गए। एएसपी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि समस्या पर चर्चा कर जल्द ही अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।