श्रावस्ती। हर माह की 15 तारीख को होने वाला निक्षय दिवस अब एकीकृत निक्षय दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसमें एक ही छत के नीचे क्षयरोग के साथ कुष्ठ रोग, फाइलेरिया और कालाजार के मरीजों का इलाज होगा। इस बार 15 तारीख को रविवार होने के कारण एकीकृत निक्षय दिवस सोमवार को जिला चिकित्सालय सहित सभी सीएचसी, पीएचसी, स्वास्थ्य उपकेंद्रों व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर मनाया जाएगा।
सीएमओ डॉ. एसपी तिवारी ने बताया कि एकीकृत निक्षय दिवस पर ओपीडी में आने वाले मरीजों में से 10 फीसदी की बलगम की जांच की जाएगी। कुष्ठ, फाइलेरिया व कालाजार के मरीजों की लक्षणों के आधार पर जांच होगी। आशा कार्यकर्ता गृह भ्रमण के दौरान टीबी, कुष्ठ, फाइलेरिया व कालाजार के बारे में लोगों को जागरूक कर रही हैं। रोगियों की सूची भी बनाई जा रही हैं। टीबी, कुष्ठ, फाइलेरिया और कालाजार की पुष्टि होने पर मरीजों के परिवार के अन्य सदस्यों की भी स्क्रीनिंग की जाएगी। फाइलेरिया के चिह्नित मरीजों के प्राथमिक इलाज के साथ उपचार किट वितरित की जाएगी।