श्रावस्ती। उपभोक्ताओं को रोस्टर के अनुसार बिजली मुहैया कराई जाए। साथ ही लाइन हानि कम करने व बिजली चोरी रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उपभोक्ताओं को समय से बिल भेजे जाएं।
ये बातें शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम नेहा प्रकाश ने कहीं। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी व अन्य अनियमितताओं पर अंकुश लगाएं। उपभोक्ताओं को रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति देने के साथ ही कटौती का लेखाजोखा रजिस्टर में अंकित किया जाए।
बार-बार कटौती रोकने के लिए कारगर कदम उठाए जाएं। अधिशासी अभियंता डीपी सिंह को लाइन हानि का प्रतिशत कम करने व बिलिंग की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी के मुकदमों में हुई कार्रवाई से अगली बैठक में अवगत कराएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह, अपर जिलाधिकारी डीपी सिंह, उपजिलाधिकारी भिनगा प्रवेंद्र कुमार, आरपी चौधरी, तहसीलदार रामप्यारे, सहायक उपायुक्त उद्योग अरविंद कुमार भास्कर आदि मौजूद रहे।