गिलौला (श्रावस्ती)। तिलकपुर मोड़ स्थित रेडीमेड कपड़े की दुकान में शुक्रवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे दुकान में रखा सामान जल कर राख हो गया।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम तिलकपुर निवासी अनुज कुमार बौद्ध परिपथ के किनारे गांव के मोड़ पर रेडीमेड कपड़े की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। रात में अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। दुकान से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने सूचना अनुज को दी।
मौके पर पहुंचे अनुज ने जानकारी अग्निशमन विभाग को दी। सूचना के बाद भी समय से अग्निशमन कर्मियों के न पहुंचने पर स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाई गई। इस दौरान दुकान में रखे कपड़े, फ्रिज व इनवर्टर जलकर राख हो गया। अग्निकांड में दुकान की छत को भी नुकसान हुआ है। अग्निकांड में कोई हताहत नहीं हुआ है। अनुज कुमार ने गिलौला पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जांच करने की मांग की है।