तुलसीपुर (श्रावस्ती)। गुटुहुरू गांव में घर पर अकेली महिला की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी सोमवार सुबह होने पर ससुरालीजनों ने सूचना गिलौला पुलिस व मृतका के मायके में दिया। एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के पटना खरगौरा निवासी चंद्रभूषण तिवारी ने अपनी पुत्री शशि शुक्ला (25) का विवाह सात वर्ष पूर्व गिलौला थानाक्षेत्र के गुटुहुरू गांव निवासी निरंकार उर्फ अनिल शुक्ला पुत्र राम उदार शुक्ला के साथ किया था। अनिल शुक्ला बहराइच में गार्ड की नौकरी करता है। प्रतिदिन की भांति अनिल रविवार रात बहराइच ड्यूटी करने चला गया था। घर पर शशि शुक्ला अकेली थी। जबकि राम उदार शुक्ला गांव में ही बने दूसरे घर पर थे। रविवार देर रात राम उदार घर पहुंचे और आवाज लगाई तो किसी ने जवाब नहीं दिया। जिसके बाद वे बरामदे में सोने चले गए।
सोमवार सुबह राम उदार जब उठे तो उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है। अंदर प्रवेश किया तो देखा कि शशि शुक्ला का शव बेड के बगल जमीन पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना गिलौला पुलिस व मृतका के मायके पक्ष के लोगों को दिया। सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस जांच कर रही है। वहीं मौके पर पहुंचे एसपी अरविंद कुमार मौर्य व सीओ इकौना एमपी शर्मा ने घटनास्थल का जायजा लिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। मृतका के भाई राहुल तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।