श्रावस्ती। सीएचसी मल्हीपुर में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने के नाम पर सौ रुपये वसूलने का वीडियो कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसको लेकर इंजेक्शन लगाने वाले वार्ड ब्वाय को सीएमओ ने मंगलवार को निलंबित कर दिया। जबकि रुपये वसूल रहे फार्मासिस्ट पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सीएचसी मल्हीपुर का यह वीडियो 20 नवंबर को वायरल हुआ था। जिसमें वार्ड ब्वाय इंजेक्शन लगाने से पहले मरीज के तीमारदार से रुपये की मांग करता हुआ दिख रहा था। तीमारदार ने अपने मोबाइल के कवर से पांच सौ रुपये निकालकर उसके सामने रख दिया था। जिसे उसने वहां मौजूद फार्मासिस्ट को दे देता है।
फार्मासिस्ट पांच सौ लेने के बाद चार सौ रुपये तीमारदार को वापस कर देता है। वायरल वीडियो में वार्ड ब्वाय की पहचान श्यामू के रूप में हुई। जबकि फार्मासिस्ट की पहचान प्रपूर्णनंद जायसवाल के रूप में हुई थी। मामले की जांच सीएमओ ने कराई। उन्होंने वार्ड ब्वाय श्यामू को निलंबित कर दिया। वहीं रुपया लेने वाले फार्मासिस्ट के संबंध में एसीएमओ डॉ. मुकेश मातनहेलिया ने बताया है कि जांच में आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में लेनदेन व्यक्तिगत होने का तथ्य सामने आया है।