कटरा (श्रावस्ती)। डिंगुराजोत से खेत देखकर रविवार देर रात इकौना लौट रहे किसान को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसे गंभीर अवस्था में सीएचसी इकौना ले जाया गया, जहां से उन्हें बहराइच रेफर कर दिया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई।
इकौना थाना अंतर्गत कस्बा निवासी गुरु प्रसाद (65) पुत्र दुलारे का खेत थाना क्षेत्र के डिगुराजोत में पड़ता है। रविवार को वे अपना खेत देखने गए थे। देर रात वे साइकिल से घर लौट रहे थे। बौद्ध परिपथ स्थित महामाया महाविद्यालय के पास सडक़ पार करते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घयल हो गए। घटना के बाद वाहन चालक तुरंत फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। रास्ते में गिलौला के निकट उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक इकौना संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा।