कटरा (श्रावस्ती)। बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती तमाम सुरक्षा के बाद चोरों के निशाने पर है। जहां शुक्रवार रात चोरी करने आए दो चोरों को सुरक्षा कर्मियों ने दबोच लिया। जिन्हें बाद में पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। यहां पूर्व में भी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं।
बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती स्थित चाइना मंदिर के निकट मुख्य मार्ग किनारे पर्यटकों को बैठने के लिए लोहे की बेंच लगाई गई थी। जिसे शुक्रवार रात चोर खोल कर वाहन पर लाद रहे थे। इसी बीच सहेट जेतवन बिहार कार्यालय गेट पर तैनात नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के परशुरामनगर निवासी सुरक्षा कर्मी प्रणव जायसवाल रात करीब 10 बजे दूसरे सिक्योरिटी गार्ड ओम प्रकाश शुक्ला को ड्यूटी सौंपकर वापस जा रहे थे। तभी उन्हें खटपट की आवाज सुनाई पड़ी। जहां अन्य गार्डों के साथ पहुंचे प्रणव ने देखा कि दो चोर बेंच को चोरी से निकाल कर उसे ई-रिक्शा पर लाद रहे हैं। जिन्हें सुरक्षा कर्मियों ने दबोच लिया और रात में ही मॉडर्न थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
जहां पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान थाना क्षेत्र के चक्र भंडार निवासी अनिल गौतम व कटरा निवासी हासिम के रूप में हुई है। जिनके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। बौद्ध तपोस्थली में शुक्रवार रात घटी यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी तपोस्थली में कई बार चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। इसके बावजूद यहां पुलिस पिकेट न बनाकर सुरक्षागार्ड के सहारे काम चलाया जा रहा है। जबकि यहां विभिन्न देशों से अनुयायी व पर्यटक आते हैं। जिनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।