श्रावस्ती। निर्माणाधीन जिला कारागार का सोमवार को डीएम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अधूरे कार्यों को तेजी लाकर पूरा करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने एसडीएम भिनगा प्रवेंद्र कुमार के साथ सोमवार को निर्माणाधीन जिला कारागार का निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल परिसर की साफ सफाई, पेंटिंग एवं फैब्रीकेशन का कार्य देखा। साथ ही उन्होंने पुरुष बैरक, किचन, उच्च सुरक्षा बैरक, वाच टावर, आवास एवं प्रशासनिक भवन आदि का जायजा लिया।
राजकीय निर्माण निगम के अवर अभियंता रजनीश कुमार को परिसर की सफाई कराने का निर्देश दिया। इस दौरान डीएम ने कहा कि जिला कारागार के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि शासन की ओर से स्वीकृत की जा चुकी है। देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक भिनगा व सुपरवाइजर सुरेंद्र दुबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।