श्रावस्ती। विकास कार्यों की उम्मीद के साथ हरिहरपुररानी ग्राम पंचायत पूरेखैरी के राजस्व ग्राम गलकटवा को नगर पालिका के पटेल नगर वार्ड में शामिल किया गया था। इसके बाद से ही पूरे इलाके में विकास का पहिया थम सा गया है। यहां रहने वाले लोग जहां आधे अधूरे विकास से परेशानहाल होकर मूलभूत सुविधाओं तक के लिए तरस रहे हैं। नगर पालिका परिषद भिनगा में शामिल गांव के लोगों की दुश्वारियां कम होने के बजाए लगातार बढ रही है।
नगर सीमा में शामिल होने से पूर्व जहां जनपद न्यायालय निर्माण के लिए गांव के सामने बाउंड्रीवाल का निर्माण कराकर उन्हें पीछे कर दिया गया। वहीं मुख्यमार्ग को भी दीवानी न्यायालय परिसर में शामिल कर आवागमन का रास्ता भी रोक दिया गया। बाद में न्यायालय परिसर के पश्चिमी दीवार व नाले के बीच से उन्हें रास्ता दिया गया। नगर निकाय चुनाव से पूर्व यहां विकास के नाम पर लगाई गई अधिकांश स्ट्रीट लाइटें खराब हो चुकी है। गलकटवा निवासी शोभाराम का कहना है कि जब तक वह ग्राम पंचायत में शामिल थे तब तक नियमित सफाई कर्मी आकर गांव की गलियों की सफाई करता था। अब मार्ग पर ही कूड़ें के ढेर लगे हुए हैं।
क्षेत्रीय निवासी अवधेश यादव का कहना है कि ग्रामीणों को विकास कार्य का सपना दिखाकर चुनाव से पहले इलाके में बिजली के पोल तो लगाए गए लेकिन इन पर स्ट्रीट लाइट व सोलर लाइट लगाई का कार्य पूरी तरह नहीं हुआ। एसडीएम के निर्देश पर शुरू हुआ इंटर लाकिंग निर्माण का कार्य भी भुगतान के बाद अधूरा छोड़ दिया गया। सभी का कहना है कि नगर में शामिल होने के बाद से यह गांव पूरी तरह से उपेक्षित हो गया।