श्रावस्ती। महदेइया में दो बदमाशों ने बाइक सवार रिकवरी एजेंट से दिन दहाड़े लगभग 50 हजार रुपये लूट लिए। एजेंट के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बदमाशों को घेर लिया। इस पर बदमाश बाइक छोड़ गन्ने के खेत में घुस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गन्ने के खेत में कांबिंग शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर ड्रोन कैमरे से सर्च अभियान चलाया। देर शाम तक बदमाश पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके थे।
अयोध्या जिले के मवई निवासी संतोष तिवारी बलरामपुर की एक प्राइवेट कंपनी में रिकवरी एजेंट हैं। कंपनी को स्वयं सहायता समूहों के बकाया वसूली का काम मिला है। सोमवार को संतोष तिवारी श्रावस्ती जिले के महदेइया गांव में वसूली करने आया था। महदेइया, दशियापुर आदि में वसूली के बाद संतोष अपनी मोटरसाइकिल से वापस लौट कर बलरामपुर स्थित बैंक में पैसे जमा कराने जा रहा था। जैसे ही वह महदेइया व लोनियापुरवा गांव के बीच पहुंचा। पीछे से एक मोटरसाइकिलन पर सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर संतोष तिवारी को असलहे के बल पर रोक लिया। संतोष तिवारी के विरोध करने पर उसी का हेलमेट छीनकर मुंह पर प्रहार कर दिया। इससे संतोष तिवारी के चेहरे पर गंभीर चोट आ गई।
इसी बीच बदमाश रुपयों से भरा बैग छीन कर फरार हो गए। संतोष के शोर मचाने पर काफी संख्या में ग्रामीणों को आता देख बदमाश सड़क की ओर नहीं भाग सके और मोटर साइकिल छोड़ कर गन्ने के खेत में घुस गए। जानकारी पर पहुंच श्रावस्ती थाना प्रभारी रामपाल यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने गन्ने के खेत में ग्रामीणों के साथ मिलकर बदमाशों की खोज शुरू की। साथ ही इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसपी अरविंद कुमार मौर्य व एएसपी केसी गोस्वामी द्वारा ड्रोन कैमरे से सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन रात होने पर बदमाशों को पकड़ा नहीं जा सका है। सूचना के बाद मौके पर बलरामपुर पुलिस भी पहुंच गई थी। थाना प्रभारी रामपाल यादव ने बताया कि घायल संतोष तिवारी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलते ही मामला दर्ज कर लिया जाएगा। बदमाशों की मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर पहचान कराई जा रही है।