इकौना (श्रावस्ती)। गिलौला के सिसवारा गांव के मजरा गहनवा स्थित कर्बला में मंगलवार को मुहर्रम के दौरान मेले में लगी चाट की दुकान में रखे सिलिंडर में अचानक आग लग गई। हादसे में दुकानदार की झुलसने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची गिलौला पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
गिलौला के सिसवारा गांव के मजरा गहनवा स्थित कर्बला में मंगलवार को मुहर्रम पर मेला लगा था। ग्राम बगनहा के मजरा खाकीदास पुरवा निवासी रामहेतु (50) ने चाट की दुकान लगा रखी थी। इसी दौरान दुकान में रखे सिलिंडर में अचानक आग लग गई। हादसे में रामहेतु भी गंभीर रूप से झुलस गया। वहां मौजूद लोगों की सूचना पर एंबुलेंस पहुंची लेकिन तब तक दुकानदार ने दम तोड़ दिया था। मौके पर पहुंची गिलौला पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक गिलौला योगेंद्र राय ने बताया कि गैस सिलिंडर में आग लगने के बाद चाट दुकानदार फूस की दुकान के अंदर छिपने चला गया। चारों तरफ से आग फैल जाने के कारण वह उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी झुलसने से मौत हो गई।