बौद्ध तपोस्थली से हवाई सेवा शुरू कराने की कवायद तेज
- डीएम ने समीक्षा बैठक कर जानी प्रगति
फोटो -19
श्रावस्ती। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को लखनऊ से गोवा, दिल्ली व बंगलूरु के लिए एयर एशिया की हवाई उड़ान सेवा का शुभारंभ किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जल्द ही श्रावस्ती सहित कई अन्य जिलों में हवाई सेवा प्रारंभ कराने की बात कही थी। इसके बाद से बौद्ध तपोस्थली से हवाई सेवा शुरू कराने की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर इसकी समीक्षा की।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी नेहा प्रकाश की अध्यक्षता में नवनिर्मित हवाई पट्टी की प्रगति समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से मानक के अनुरूप अधूरे कार्यों को पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जो भी अधूरे कार्य अंतिम चरण में हैं उन्हें तेजी से कराकर तत्काल पूरा करा लिया जाए जिससे एयरपोर्ट के संचालन की कवायद आगे बढ़ सके। समीक्षा के दौरान पता चला कि कन्सर्टिव क्वाइल का कार्य प्रगति पर है। राजकीय निर्माण निगम के अधिकारी ने बताया कि शेष कार्य को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। क्रैश कोट का कार्य पूर्ण करा लिया गया है जिसकी पुष्टि उपजिलाधिकारी, इकौना आरपी चौधरी ने की। इसके अतिरिक्त अन्य मूलभूत सुविधाओं को पूरा कर लिया गया है। बैठक में अपर जिलाधिकारी कमलेश च्रद्र, अपर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी, उपजिलाधिकारी रोहित, उपजिलाधिकारी आशुतोष, सहायक प्रबंधक एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सत्येंद्र यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत डीपी सिंह आदि मौजूद रहे।