तुलसीपुर (श्रावस्ती)। नहर विभाग के मेट को बंधक बनाने के मामले में किसान सहित भाकियू के जिला व इकौना तहसील अध्यक्ष सहित अन्य पर मामला दर्ज किया गया था। इससे नाराज भाकियू कार्यकर्ताओं ने शनिवार शाम सोनवा थाने के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके द्वारा भाकियू कार्यकर्ताओं व किसान पर दर्ज मुकदमा वापस लेने तथा नहर विभाग के जेई व कर्मचारी पर मामला दर्ज कराने की मांग को लेकर डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम जमुनहा को सौंपा गया। मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
उप जिलाधिकारी जमुनहा सौरभ शुक्ला को सौंपे ज्ञापन में भाकियू कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में कहा कि सरयू नहर खंड छह व खंड पांच द्वारा संचालित माइनर व रजबहों के संचालकों द्वारा सिंचाई के नाम पर किसानों का शोषण किया जा रहा है। विगत दिनों केशवपुर पजावा माइनर से दिकौली चौराहा के पास कुछ किसान सूख रही फसल को सींचने के लिए खेत में पानी चला रहे थे। इस पर मेट बाबूराम द्वारा किसानों से अभद्रता की गई। इसकी शिकायत किसानों द्वारा भाकियू जिलाध्यक्ष से की गई थी।
शिकायत के बाद जब जिलाध्यक्ष इकौना तहसील अध्यक्ष पवन वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच कर वार्ता किया तो वहां पहुंचे अवर अभियंता रामनाथ मौर्या द्वारा गलत तथ्यों के आधार पर जिलाध्यक्ष, तहसील अध्यक्ष व किसान सहित अन्य कार्यकर्ताओं पर सोनवा थाने में मामला दर्ज करा दिया गया। जिसे वापस लिया जाए। इसके साथ ही किसानों से अवैध वसूली करने व सरकारी धन का गबन करने वाले सिंचाई विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध किसान हितराम की तहरीर पर मामला दर्ज कराने साथ ही दिकौली के मजदूरों को मजदूरी दिलाने की मांग किया है। ऐसा न करने पर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।