गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला स्थित बीएसएनएल टावर के निकट बौद्ध परिपथ पर सोमवार देर शाम दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत हो गई। इसमें एक मोटर साइकिल सवार की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर निवासी रमेश मिश्रा (40) पुत्र साधू मिश्रा बौद्ध परिपथ पर मोहम्मदापुर मोड़ के पास सड़क किनारे मकान बनाकर परिवार के साथ रहता था। बाजार में ब्रेड बेचकर अपने दो बच्चों व पत्नी का भरण पोषण कर रहा था। सोमवार देर शाम वह ब्रेड का पैसा वसूली कर रहा था। इसी बीच थाना क्षेत्र के ही रायडीह गांव निवासी पवन कुमार पुत्र लक्षमन राव किसी काम से मोटर साइकिल लेकर गिलौला बाजार की ओर आ रहा था। मोटरसाइकिल की गति काफी तेज होने के कारण अचानक वह अनियंत्रित होकर बीएसएनएल टावर के पास रमेश मिश्रा की मोटरसाइकिल से टकरा गया। दोनों मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिर गए।
घटना में रमेश मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया। जबकि घायल पवन कुमार को एंबुलेंस से सीएचसी गिलौला ले जाया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय बहराइच रेफर कर दिया। थाना प्रभारी योगेंद्र राय ने बताया कि यदि तहरीर मिली तो मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।