श्रावस्ती। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला संगठन मंत्री के नेतृत्व में छात्रों की समस्याओं को लेकर डीआईओएस को सात सूत्री ज्ञापन सौंपा।
शैक्षिक व छात्रों की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व जिला संयोजक देवेश मिश्र ने कहाकि प्राइवेट विद्यालयों में छात्रों व अभिभावकों से मनमाना पैसा वसूला जा रहा है। पाठ्य पुस्तकों की खरीद पर भी ठगी हो रही है। बिना पंजीयन चल रहे कोचिंग सेंटर भी छात्रों की जेब पर डाका डाल रहे हैं।
समय-समय पर एबीवीपी आवाज भी उठा रहा है। इसके बावजूद समस्याओं को नजरंदाज किया जा रहा है। इस दौरान एबीवीपी के जिला संगठन मंत्री हिमांशु के नेतृत्व में जिला विद्यालय निरीक्षक को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। जिस पर एक सप्ताह में कार्रवाई की मांग की गई। समय पर कार्रवाई न होने पर विद्यार्थी परिषद जिले में व्यापक आंदोलन करेगा।